निगोहां, लखनऊ।दीपावली व छठ पर्व जैसे त्योहारों के मद्देनज़र अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत निगोहां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार शाम एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा के नेतृत्व में निगोहां थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी व पुलिस टीम ने कस्बे के अलग-अलग मोहल्लों में छापेमारी की। इस दौरान दो घरों से 12 कुंटल से अधिक अवैध पटाखे बरामद किए गए, जिनमें सूतली बम, बड़े बम, रॉकेट, अनार, फुलझड़ी समेत अन्य खतरनाक पटाखे शामिल हैं।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पकड़े गए व्यक्तियों के पास पटाखों के भंडारण या बिक्री का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला है।
आबादी के बीच डंप किए गए थे पटाखे……
पुलिस की छापेमारी के दौरान जब घरों से बोरियों में भरे पटाखे निकाले जाने लगे तो आसपास के लोग हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि पटाखा कारोबारी बाहरी जनपदों से अवैध रूप से पटाखे मंगवाकर उन्हें आबादी वाले इलाकों में घरों के अंदर डंप कर बिक्री की तैयारी कर रहे थे। यह स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती थी।
एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि त्योहारों से पहले अवैध पटाखों के भंडारण व बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की निगरानी टीम लगातार क्षेत्र में सक्रिय है।जो भी व्यक्ति बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण या बिक्री करते पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।वहीं थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि इन पटाखों की आपूर्ति किन जनपदों से हुई हनिगोहां कस्बे के स्थानीय निवासियों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई न होती तो घनी आबादी में रखा यह बारूद कभी भी बड़ा विस्फोट कर सकता था।


